गीता पर असंख्य व्याख्याएं फिर भी “गीता – सब के लिए, सब काल में” क्यों पढ़ें?

अनादिकाल में ऋषियों, मुनियों से लेकर आधुनिक युग में आचार्यों, संतों, विद्वानों ने गीता की असंख्य व्याख्याएं लिखी हैं। फिर “गीता — सब के लिए, सब काल में” पुस्तक में खास क्या है। पढ़िए पुस्तक के लेखक एस एस शुक्ला की लेखनी से निकला ये लेख। गीता पर अनादिकाल से असंख्य व्याख्याएँ लिखी गईं, और […]

अनादिकाल में ऋषियों, मुनियों से लेकर आधुनिक युग में आचार्यों, संतों, विद्वानों ने गीता की असंख्य व्याख्याएं लिखी हैं। फिर “गीता — सब के लिए, सब काल में” पुस्तक में खास क्या है। पढ़िए पुस्तक के लेखक एस एस शुक्ला की लेखनी से निकला ये लेख।

एस एस शुक्ला

गीता पर अनादिकाल से असंख्य व्याख्याएँ लिखी गईं, और जगद्गुरुओं, संतों, ऋषियों और महान आचार्यों ने ऐसी दिव्य टीकाएँ रची हैं जिनके सामने मैं स्वयं को केवल उनके चरणों की धूल के समान मानता हूँ। निस्संदेह उनकी महानता का कोई मुकाबला नहीं हो सकता। उनकी कृपा और उनके द्वारा निर्मित परंपरा ही वह आधार है जिस पर मेरी यह विनम्र कृति खड़ी है। मैं उनका ऋणी हूँ, और यह ग्रंथ उन्हीं के द्वारा दिए गए प्रकाश के आलोक में लिखा गया है।

क्यों जरूरी है यह नई दृष्टि?

फिर भी यह प्रश्न स्वाभाविक है कि जब इतने आचार्यों ने पहले से गहन और विस्तृत भाष्य लिखे हैं, तो मेरी पुस्तक में ऐसा क्या है जिससे इसे पढ़ना सार्थक लगे? इस प्रश्न का उत्तर किसी प्रकार की तुलना नहीं है, न उत्कृष्टता का दावा; यह केवल अपनी रचना की आत्मा का विनम्र परिचय है—ताकि पाठक समझ सकें कि यह पुस्तक किस दृष्टि और किस भाव से लिखी गई है।

हर युग की आवश्यकता और दृष्टि

मेरी पुस्तक का मूल आधार यह है कि हर युग को अपनी भाषा, अपनी दृष्टि और अपने अनुभव से निकले हुए शिक्षक की आवश्यकता होती है। आचार्यों ने अपने युग की चुनौतियों के अनुसार गीता को समझाया, उसके रहस्यों को खोला, और अध्यात्म का मार्ग दिखाया। आज का मनुष्य एक बिल्कुल अलग दुनिया में जी रहा है—तेज़ गति, मानसिक दबाव, निरंतर प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक चुनौतियाँ, करियर के संघर्ष, मन की अस्थिरता और तनाव, और जीवन की अनिश्चितता से भरी हुई।

गीता के संदेश को जीवन में कैसे उतारें?

यही वह स्थान है जहाँ मुझे लगता है कि यह ग्रंथ अपना विनम्र योगदान दे सकता है। मैंने गीता को केवल एक दर्शन के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवित जीवन-पथ के रूप में देखा है। मेरे लगभग चालीस वर्षों के प्रशासनिक, पारिवारिक, सामाजिक और आध्यात्मिक अनुभवों में गीता ने कैसे दिशा दी, यह मेरे लिए केवल सिद्धांत नहीं, प्रत्यक्ष अनुभूति है।

गीता की सहजता और व्यावहारिकता

इस पुस्तक में गीता का वर्णन केवल शास्त्रीय भाषा में नहीं, बल्कि सहज, प्रवाहमय और अनुभवजन्य रूप में है—ऐसी भाषा में जो आज के पाठक को कठिन न लगे, जो उसे अपने जीवन से जोड़ सके। यह ग्रंथ गीता की तर्कबद्धता और वैज्ञानिकता को सम्मिलित करता है, आधुनिक मनोविज्ञान, न्यूरोविज्ञान और मानव व्यवहार के सिद्धांतों को भी छूता है, और यह दिखाता है कि गीता के उपदेश केवल अध्यात्मिक नहीं, बल्कि अत्यंत व्यावहारिक जीवन-दर्शन हैं।

गूढ़ शास्त्रों का समेकित दृष्टिकोण

इस पुस्तक की एक प्रमुख विशेषता यह भी है कि यह गीता को सनातन परंपरा के अन्य मूल ग्रंथों—उपनिषदों, रामचरितमानस, श्रीमद्भागवत और अन्य शास्त्रों—के साथ समेकित रूप में प्रस्तुत करती है, परंतु गीता की प्रत्येक श्लोक-टीका में किसी भी अन्य ग्रंथ को नहीं मिलाती। इससे शास्त्रीयता की पवित्रता बनी रहती है और पाठक भ्रमित नहीं होता।

सार्वभौमिक दृष्टिकोण और उद्देश्य

एक और अंतर यह है कि यह पुस्तक विवाद, संप्रदायवाद या किसी मत की सर्वोच्चता का पक्ष नहीं लेती। यह गीता को सार्वभौमिक और सर्वमान्य ग्रंथ मानकर उसके संदेश को सभी के लिए सरल रूप में प्रस्तुत करती है—इस भावना से कि यह ज्ञान किसी विशेष वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समस्त मानवता के लिए है।

गीता से जीवन में संतुलन और शांति

मेरी पुस्तक का उद्देश्य गीता को पढ़ना नहीं, बल्कि सनातन शास्त्रों के आलोक में अपने अनुभूति के आधार पर जीवन जीने का तरीका प्रस्तुत करना है। गीता के अध्यायों को केवल दार्शनिक विमर्श के रूप में नहीं, बल्कि मन, बुद्धि, निर्णय, कर्तव्य, संतुलन, शांति, और आत्मबल के सूत्र के रूप में प्रस्तुत करना इस ग्रंथ की आत्मा है। इसका उद्देश्य यह नहीं कि कोई विद्वान बने, बल्कि यह कि वह संतुलित, शांत, विवेकवान और उद्देश्यपूर्ण जीवन जी सके।

साधारण गृहस्थ का अनुभव और उद्देश्य

अंततः, यह पुस्तक केवल एक साधारण गृहस्थ के जीवन का संचित अनुभव है—जिसने गीता को पढ़ा, समझा, संघर्षों में अनुभव किया और अपने जीवन में उतारा। यही अनुभव इस पुस्तक को इसे कुछ सीमा तक अलग बनाता है—क्योंकि प्रत्येक युग में उस समय के सामाजिक परिवेश में ऐसी रचनाएं आवश्यक होती हैं जो शास्त्र के संदेश को जीवन के वास्तविक धरातल पर उतारकर दिखाएं।

आखिरकार, रचनात्मकता का उद्देश्य

यदि यह पुस्तक किसी एक भी पाठक के मन को शांत कर सके, किसी एक परिवार की समस्या को हल कर सके, किसी एक युवक को दिशा दे सके, किसी एक व्यक्ति को निराशा से उबार सके, किसी एक अधिकारी या कर्मयोगी को सही निर्णय लेने का बल दे सके—तो इसकी रचना सफल मानी जाएगी। यही इसकी विनम्र आकांक्षा है और यही इसका उद्देश्य भी।