बड़ी उपलब्धि: हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास ने तैयार की जिंक-एयर बैटरी वाली ई-रिक्शा

इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर नया कदम देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी के नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं। इसी दिशा में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने मिलकर एक खास पहल की है। दोनों संस्थानों ने मिलकर लगभग 1 kWh की जिंक-एयर बैटरी से लैस एक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर प्रोटोटाइप […]

देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी के नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं। इसी दिशा में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने मिलकर एक खास पहल की है। दोनों संस्थानों ने मिलकर लगभग 1 kWh की जिंक-एयर बैटरी से लैस एक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर प्रोटोटाइप तैयार किया है। यह बैटरी वाहन की रेंज बढ़ाने (रेंज एक्सटेंडर) का काम करेगी।

क्या है इस बैटरी की खासियत?

इस प्रोटोटाइप वाहन में दो बैटरियों का सेटअप लगाया गया है। इसमें पहले से मौजूद लिथियम-आयन बैटरी वाहन को तेज रफ्तार (एक्सेलेरेशन) और ज्यादा पावर देने का काम करती है। वहीं, नई जिंक-एयर बैटरी गाड़ी चलने के दौरान लगातार ऊर्जा की सप्लाई बनाए रखती है। यह बैटरी वाहन की कुल ऊर्जा जरूरत का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा पूरा करती है।

जिंक-एयर बैटरी बिजली बनाने के लिए जिंक और आसपास की हवा से मिलने वाली ऑक्सीजन का इस्तेमाल करती है। इसमें आग न पकड़ने वाले (नॉन-फ्लैमेबल) और पानी आधारित इलेक्ट्रोलाइट का उपयोग किया गया है। जिंक देश में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और इसे रिसाइकिल भी किया जा सकता है। इस वजह से यह तकनीक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में देखी जा रही है।

लैब से सड़क तक का सफर

हिंदुस्तान जिंक और आईआईटी मद्रास के बीच यह साझेदारी साल 2024 में शुरू हुई थी। अब यह शोध लैब के स्तर से आगे बढ़कर वाहन में इस्तेमाल के स्तर तक पहुंच गया है। इस प्रोटोटाइप का अनावरण हाल ही में आयोजित ‘आईआईटी मद्रास एनर्जी समिट 2026’ के दौरान किया गया।

उद्योग और संस्थान की राय

इस उपलब्धि पर हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि कंपनी लगातार जिंक के नए उपयोग तलाश रही है। भारत में जिंक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिससे स्वदेशी ऊर्जा भंडारण समाधान तैयार किए जा सकते हैं। यह ‘विकसित भारत’ के विजन में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि आईआईटी मद्रास के साथ यह साझेदारी वैज्ञानिक शोध को व्यावहारिक उपयोग में बदलने की दिशा में एक कदम है।

वहीं, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि ने रिसर्च टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर कृषि और मैन्युफैक्चरिंग तक हर क्षेत्र में ऊर्जा मुख्य विषय है। विशेष रूप से अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) के उत्पादन, भंडारण और वितरण पर काम करना बेहद जरूरी है। हिंदुस्तान जिंक के साथ यह सहयोग इसी लक्ष्य की ओर एक प्रयास है।

आगे की राह दुनियाभर में स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में भारत के पास मौजूद जिंक भंडार देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर सकते हैं। हिंदुस्तान जिंक अपनी ‘HZL 2.0’ रणनीति के तहत रिन्यूएबल एनर्जी स्टोरेज और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में जिंक आधारित बैटरी तकनीकों की संभावनाओं पर काम कर रहा है।