अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले AIIMS में योग चेतना, विशेषज्ञों ने बताए स्वास्थ्य के सूत्र

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली में विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर इंटीग्रेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च (CIMR) की ओर से किया गया। इसमें एम्स के फैकल्टी सदस्य और हेल्थ एक्सपर्ट ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों और फैकल्टी सदस्यो में योग […]

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली में विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर इंटीग्रेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च (CIMR) की ओर से किया गया। इसमें एम्स के फैकल्टी सदस्य और हेल्थ एक्सपर्ट ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों और फैकल्टी सदस्यो में योग को लेकर जागरुक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई। योगासन और प्राणायाम किए। योग विशेषज्ञों ने एम्स के हेल्थ एक्सपर्ट, चिकित्सकों और फैकल्टी मेंबर्स से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण CIMR की टीम द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन रहा। इस प्रस्तुति में योग की विभिन्न मुद्राओं और उनके लाभों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया। कार्यशाला के दौरान संवादात्मक चर्चा सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने योग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग अभ्यास तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करता है। चर्चा के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरों की देखभाल के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक पद्धति है। यह व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाता है।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, खुशहाल और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में मौजूद रहे AIIMS के सदस्यों ने योग को अपनाने और उसके संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे से विचार साझा किए। प्रो. गौतम शर्मा और CIMR की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उनके योगदान को इस पहल की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।

  • AIIMS
  • Yoga